

धनबाद।सिंहदाहा पंचायत के पूर्व मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष रमेश चन्द्र पाण्डेय की भतीजी लक्ष्मी कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा सीयूईटी-पीजी में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लक्ष्मी को भारत के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में एल.एल.बी. की पढ़ाई के लिए दाखिला मिला है।
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि सिंहदाहा समेत पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है। लक्ष्मी के पिता दिनेश चन्द्र पाण्डेय, बीसीसीएल कतरास क्षेत्र में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता संगीता देवी एक समर्पित गृहिणी हैं। लक्ष्मी के बड़े भाई सुरज कुमार पाण्डेय भी एम्स से एम.बी.बी.एस. की पढ़ाई कर रहे हैं।
लक्ष्मी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका सपना एक जिम्मेदार व संवेदनशील वकील बनकर समाज में न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना है।